योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के अंतर्गत संचालित मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद ग्वालियर से संबद्ध नवांकुर संस्था सफल युवा मंडल ग्वालियर द्वारा रविवार को माधव बाल निकेतन वृद्धाश्रम में सेवा एवं आत्मीयता से परिपूर्ण एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जन अभियान परिषद के दिशा-निर्देशानुसार सेवा-संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम 02 से 10 अक्टूबर की श्रृंखला के अंतर्गत संपन्न हुआ। जिसकी मुख्य प्रेरणा सेवा से जनभागीदारी और जनभागीदारी से जनांदोलन की मूल भावना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कमलाराजा गर्ल्स कॉलेज ग्वालियर की प्राचार्य डॉ. साधना श्रीवास्तव एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी राजकुमार प्रजापति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. साधना श्रीवास्तव ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनके जीवन के अनुभवों और भावनाओं को जाना। उन्होंने कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान, सेवा और उनके साथ समय बिताना हमारी नैतिक व सामाजिक जिम्मेदारी है। युवाओं को आगे आकर बुजुर्गों के अकेलेपन को दूर करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान सफल युवा मंडल के सदस्यों ने सभी बुजुर्गों का कुशलक्षेम जाना और उनके साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताया। कार्यक्रम के दौरान एक वृद्धजन ने समाज के समक्ष भावुक अपील रखते हुए कहा कि वृद्धाश्रमों की बढ़ती संख्या आज के समाज के लिए गहरी चिंता का विषय है।
सरकार और समाज को मिलकर ऐसी व्यवस्थाएं बनानी चाहिए, जिससे बुजुर्ग अपने बच्चों व परिजनों के साथ सम्मानपूर्वक रह सकें। उन्होंने इच्छा व्यक्त की कि एक दिन ऐसा आए जब परिवार होते हुए भी कोई वृद्ध वृद्धाश्रम में रहने को मजबूर न हो। कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए सफल युवा मंडल के अध्यक्ष श्री अरविंद कुशवाह ने विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस 9 दिवसीय विशेष ‘सेवा मेरा योगदान’ सप्ताह का मुख्य ध्येय समाज के अंतिम छोर पर बैठे हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचना है। परिषद के मार्गदर्शन में संस्था स्वास्थ्य शिविरों, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, वृद्धजन एवं दिव्यांग सेवा हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं संस्था के सदस्यों ने वृद्धजनों का आशीर्वाद लिया तथा भविष्य में भी सेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।



