त्रि-स्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के अंतर्गत शिवपुरी जिले के पोहरी जनपद अंतर्गत वार्ड क्रमांक 03 के जनपद सदस्य तथा ग्राम पंचायत नरैयाखेड़ी में सरपंच पद के लिए आयोजित उप निर्वाचन के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। 29 सितंबर को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए मतदान की मतगणना शनिवार को प्रातः 11 बजे बैराड़ तहसील परिसर में निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। मतगणना प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार कल्पना शर्मा द्वारा विजयी प्रत्याशियों को आधिकारिक निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपे गए।

निर्वाचन परिणाम एवं मतों का विवरण उप निर्वाचन के अंतर्गत पोहरी जनपद के वार्ड क्रमांक 03 में जनपद सदस्य पद हेतु कुल 6 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। मतगणना में श्रीमती लक्ष्मी कुशवाह (पत्नी श्री राजबीर कुशवाह) को सर्वाधिक 1632 मत प्राप्त हुए, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी श्रीमती रेणु (पत्नी श्री संजय शर्मा) को 1407 मत मिले। इस प्रकार लक्ष्मी कुशवाह ने 225 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

वहीं ग्राम पंचायत नरैयाखेड़ी में सरपंच पद के लिए 2 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। मतगणना में श्रीमती फूलवती जाटव को 498 मत प्राप्त हुए, जबकि श्रीमती सोमवती शाक्य को 396 मत मिले। इस मुकाबला में फूलवती जाटव ने 102 मतों से विजय हासिल कर सरपंच पद पर जीत दर्ज की।

बैराड़ तहसील परिसर में आयोजित मतगणना एवं परिणाम घोषणा के दौरान प्रशासनिक एवं निर्वाचन व्यवस्था से जुड़े अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इस अवसर पर रिटर्निंग अधिकारी व तहसीलदार श्रीमती कल्पना शर्मा, सहायक रिटर्निंग अधिकारी व तहसीलदार श्री द्रगपाल सिंह बैश, नायब तहसीलदार श्री शैलेन्द्र भार्गव, नोडल अधिकारी व सीडीपीओ श्री नीरज सिंह गुर्जर, इलेक्शन सुपरवाइजर श्री अमर सिंह कुशवाह तथा खंड पंचायत अधिकारी श्री राकेश सिंह रघुवंशी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।