सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को विधानसभा क्षेत्र सिहावल के ग्राम पहाड़ी में सेवा सेतु शिविर का आयोजन विधायक विश्वामित्र पाठक के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक विश्वामित्र पाठक ने शिविर स्थल पर आवेदन पंजीयन केंद्र सहित विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर जिन प्रकरणों का निराकरण मौके पर संभव है, उनका तत्काल निराकरण किया जाए तथा अन्य प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण कर हितग्राहियों को इसकी जानकारी दी जाए।
विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस तथा उनके 25 वर्षों की देश सेवा के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र हितग्राही को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराना है।
विधायक ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन सेवा सेतु शिविर में प्रस्तुत कर उनका पंजीयन कराएं। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का निराकरण शिविर स्थल पर संभव है, उनका निराकरण मौके पर ही कराया जाएगा, जबकि अन्य प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण कर हितग्राही को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का निराकरण हितग्राहियों की संतुष्टि के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद ने सेवा सेतु शिविर की रूपरेखा की जानकारी देते हुए शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में उपस्थित ग्रामीणों को अवगत कराया।
शिविर में लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मातृ वंदना योजना, अनुग्रह सहायता राशि, संबल योजना तथा पेंशन योजनाओं सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं हितलाभ वितरित किए गए।
बृहद स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों मरीजों की जांच
सेवा सेतु शिविर के अंतर्गत पहाड़ी में बृहद स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। विधायक विश्वामित्र पाठक ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण कर चिकित्सकों से मरीजों को आवश्यक जांच, उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र लोगों तक पहुंचाने को कहा।
स्वास्थ्य शिविर में जिला एवं खंड स्तर के चिकित्सकों तथा चिकित्सा स्टाफ ने सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान नशामुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, जयशंकर द्विवेदी एवं सिद्धार्थ गौतम, जनपद सीईओ रोहित उपाध्याय, डीपीओ प्रवेश मिश्रा, तहसीलदार जय प्रकाश पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, सरपंच, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण और हितग्राही उपस्थित रहे।

