वरिष्ठ कार्यालय खाद्य सुरक्षा प्रशासन, मध्यप्रदेश के निर्देश एवं कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती प्रभा सिंह टेकाम द्वारा शाहपुरा क्षेत्र में संचालित विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने जबलपुर-अमरकंटक रोड स्थित अपना ढाबा, श्री छाया पैलेस एवं बालाजी डेयरी सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, खाद्य अनुज्ञप्ति तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की गई। संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अपना ढाबा में वित्तीय वर्ष का खाद्य पंजीयन पाया गया।

मौके पर विभिन्न खाद्य पदार्थों, जिनमें बिस्किट, नमकीन, टोस्ट, चिप्स एवं ब्रेड आदि की नियत तिथि की भी जांच की गई। जांच के दौरान पाई गई अनियमितताओं में सुधार के लिए निर्धारित समय-सीमा में सुधार सूचना नोटिस जारी किए गए।

इसके साथ ही दूध, पनीर एवं सोयाबीन तेल के नमूने लिए गए, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

श्री छाया पैलेस के निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं में सुधार के लिए भी नोटिस जारी किया गया है।

बालाजी डेयरी में रेपिड किट के माध्यम से दूध का परीक्षण कर नमूने लिए गए हैं। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा में सुधार नहीं किए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के निरीक्षण एवं नमूना संग्रह की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रखने की बात कही गई है।