प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सुविधा और सहजता लाने का माध्यम बन रही है। योजना के तहत मिले गैस कनेक्शन से मैहर जिले के वार्ड क्रमांक-24, हरनामपुरा निवासी श्रीमती ममता बंसल के दैनिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आया है।
श्रीमती ममता बंसल बताती हैं कि पहले चूल्हे पर खाना बनाते समय धुएं और समय की समस्या के कारण काफी परेशानी होती थी। भोजन तैयार करने में अधिक समय लगता था और इसके कारण घर के अन्य जरूरी कार्यों के लिए समय निकालना भी मुश्किल होता था।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन मिलने के बाद अब उनके लिए खाना बनाना पहले की अपेक्षा आसान और सुविधाजनक हो गया है। वे कम समय में भोजन तैयार करने के साथ ही बच्चों के लिए समय पर टिफिन भी तैयार कर लेती हैं। गैस की सुविधा से रसोई के काम में लगने वाले समय की बचत हो रही है, जिससे उन्हें घर की साफ-सफाई और परिवार के अन्य दैनिक कार्यों के लिए भी पर्याप्त समय मिल जाता है।
श्रीमती ममता बंसल कहती हैं कि उज्ज्वला योजना ने उनके रोजमर्रा के जीवन को आसान बनाया है। चूल्हे के धुएं और परेशानी से राहत मिलने के साथ ही समय की बचत उनके लिए इस योजना का महत्वपूर्ण लाभ है।
योजना से मिली सुविधा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्रीमती ममता बंसल ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।




