जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत गुरुवार को मुरैना-श्योपुर सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर, महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव ने नई हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित पंडित रामप्रसाद बिस्मिल की प्रतिमा स्थल के समीप श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर, महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव ने स्वयं श्रमदान करते हुए प्रतिमा स्थल के आसपास साफ-सफाई की। इस दौरान उन्होंने नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने तथा स्वच्छता संबंधी कार्यों में सक्रिय सहभागिता करने का संदेश दिया।
श्रमदान के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल शासन या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। जब नागरिक स्वयं आगे बढ़कर अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई में योगदान देते हैं, तो स्वच्छता के प्रति जागरूकता के साथ जनभागीदारी की भावना भी मजबूत होती है।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर श्रमदान एवं स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को केवल एक गतिविधि तक सीमित न रखते हुए इसे जनजीवन का हिस्सा बनाना तथा नागरिकों में अपने घर, गली, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने की जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना है।




