मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित कार्यक्रम एवं 17 सितंबर को आयोजित होने वाले वृहद दीपोत्सव की तैयारियों के संबंध में जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के नेतृत्व में विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान रामघाट, दत्त अखाड़ा घाट एवं सदावल हेलीपैड सहित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का जायजा लिया गया।
कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने जनप्रतिनिधियों को प्रस्तावित कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान होने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्थल निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
एक साथ प्रज्वलित होंगे 25 लाख से अधिक दीप
उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर शिप्रा मैया के विभिन्न घाटों एवं श्री महाकाल महालोक क्षेत्र में एक साथ 25 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए बड़ी संख्या में वॉलिंटियर्स सहभागिता निभा रहे हैं। शहर एवं जिले की विभिन्न समाजसेवी संस्थाएं भी आगे आकर अपने वॉलिंटियर्स को आयोजन में सहभागिता के लिए प्रेरित कर रही हैं।
आयोजन के लिए आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की जा चुकी है तथा तैयारियों को चरणबद्ध तरीके से अंतिम रूप दिया जा रहा है। दीपोत्सव जनभागीदारी एवं सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बने, इसके लिए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित इस भव्य दीपोत्सव में सहभागिता करने तथा आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान देने का आह्वान किया है।


