जिले में 89 छात्र-छात्राओ को मिला लाभ
उमरिया 19 सितंबर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को बड़ी सौगात दी है। शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ई-स्कूटी का वितरण किया। यह स्कूटी मुख्यमंत्री स्कूटी योजना’ अंतर्गत प्रदान की गई। इससे विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा की राह आसान होगी। साथ ही, कॉलेज आने-जाने में भी सहूलियत होगी। राज्य स्तरीय स्कूटी वितरण का कार्यक्रम शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवाजी नगर भोपाल में आयोजित किया गया। उमरिया जिले के 89 छात्र छात्राओ को मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का लाभ प्राप्त हुआ।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले के सभी विद्यालयों में देखा एवं सुना गया। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में ही 70प्रतिशत अंक के साथ स्कूल में प्रथम स्थान आना जरूरी है।
प्रदेश सरकार द्वारा इस योजना का लाभ स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में नियमित विद्यार्थी के रूप में अध्ययनरत विद्यार्थी को दिया जाता है। योजना में सभी संकायों के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। मोटराइज्ड स्कूटी के लिए अधिकतम 90 हजार रुपये और ई-स्कूटी के लिए अधिकतम 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाती है।



