अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के कॉन्फ्रेंस हॉल में वरिष्ठ नागरिकों के विधिक अधिकारों, कल्याण और संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष परिचर्चा बैठक आयोजित की गई। यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष श्री कृष्णमूर्ति मिश्र एवं सचिव श्रीमती शक्ति वर्मा के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
बैठक में वरिष्ठ नागरिकों की गरिमा, सामाजिक सुरक्षा, न्याय तक सुलभ पहुँच और निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित वक्ताओं ने वृद्धजनों की समस्याओं व शिकायतों के त्वरित निराकरण में विधिक सेवा प्राधिकरणों की प्रभावी भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री बी. डी. दीक्षित द्वारा किया गया। इस दौरान पैनल अधिवक्ताओं और पैरालीगल वालंटियर्स ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिनमें पीएलव्ही श्री रंजीत सिंह परिहार, श्री दीपक जौहरी, श्री सत्यम सिंह मुख्य रूप से शामिल रहे।
बैठक के समापन पर श्री बी. डी. दीक्षित ने वरिष्ठ नागरिकों में विधिक जागरूकता बढ़ाने और उन्हें न्याय दिलाने में योगदान देने वाले सभी पैनल अधिवक्ताओं एवं पीएलव्हीएस का आभार व्यक्त किया। अंत में, समाज के कमजोर व वंचित वर्ग के बुजुर्गों तक न्याय और विधिक सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने के मजबूत संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

