प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना पथ विक्रेताओं के लिए अपने छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने का प्रभावी माध्यम बन रही है। योजना के माध्यम से जरूरतमंद पथ विक्रेताओं को आसान प्रक्रिया से कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे अपने व्यवसाय को बढ़ाने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत कर रहे हैं।
रायसेन जिले के देवरी निवासी पथ विक्रेता श्री दीपेश कुमार भी पीएम स्वनिधि योजना से लाभान्वित होकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सफल हुए हैं। पहले सीमित पूंजी के कारण उन्हें व्यापार में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। व्यवसाय में अधिक सामान रखने और ग्राहकों की जरूरत के अनुसार स्टॉक बढ़ाने के लिए अतिरिक्त पूंजी की आवश्यकता रहती थी।
पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण मिलने के बाद दीपेश ने प्राप्त राशि का उपयोग अपने व्यवसाय में आवश्यक सामग्री बढ़ाने में किया। इससे उनके व्यापार में निरंतर वृद्धि हुई। दीपेश बताते हैं कि पीएम स्वनिधि योजना उनके लिए केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि अपने पैरों पर खड़े होकर आगे बढ़ने का अवसर बनी है।
ऋण की सुविधा मिलने से व्यापार में पूंजी की समस्या कम हुई और उन्हें अपने काम को विस्तार देने का आत्मविश्वास मिला। आज दीपेश पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित तरीके से अपना व्यवसाय संचालित कर रहे हैं। वह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को धन्यवाद देते हुए कहते है कि पीएम स्वनिधि योजना से मिली सहायता ने उनके व्यापार को नई गति दी है।

