युवाओं को खेल एवं शिक्षा की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं- शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह === शहडोल 16 सितम्बर 2026- गुड शेफर्ड कॉन्वेंट स्कूल, शहडोल में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय अंडर-17 बालक एवं बालिका बास्केटबाल प्रतियोगिता के शुभारंभ कार्यक्रम को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल के मैदान में हार-जीत होना स्वाभाविक है। खिलाड़ियों को जीतने पर न घमंड होना चाहिए और न ही हार पर कष्ट होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ओलंपिक एवं एशियाड जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं में भारत ने परचम फहराया है। वर्ष 2030 का कॉमनवेल्थ गेम्स तथा 2036 का ओलंपिक गेम भारत में होगा। प्रदेश के खिलाड़ियों को भी बड़े खेल आयोजनों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 को प्रदेश सरकार युवा वर्ष के रूप में मनाएगी। वन स्पोर्ट, वन स्पोर्ट कॉम्प्लेक्स के आधार पर प्रदेश के सभी जिलों में खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। प्रदेश में हॉकी के 21 टर्फ मैदान विकसित किए गए हैं तथा 07 टर्फ मैदान विकसित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में आयोजित होने वाले महाकुंभ जैसी व्यवस्थाएं राज्य स्तरीय बास्केटबाल प्रतियोगिता के लिए की गई हैं। उन्होंने गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए विराटेश्वर महाराज एवं कंकाली माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि मिनी ब्राजील विचारपुर फुटबाल खेल में प्रदेश का उभरता हुआ सितारा है।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव के नेतृत्व में युवाओं और नौजवानों को खेल तथा शिक्षा की आधुनिक सुविधाएं प्रदेश में उपलब्ध कराई जा रही हैं। युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, विशिष्ट अतिथि विधायक जयसिंहनगर श्रीमती मनीषा सिंह, विधायक जैतपुर श्री जयसिंह मरावी, सहित जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रभा मिश्रा, कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता, कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम जायसवाल, जनपद अध्यक्ष सोहागपुर श्रीमती हीरावती कोल, जिला योजना समिति की सदस्य श्रीमती अमिता चपरा, श्री संतोष लोहानी, श्री सौरभ गोले, संयुक्त संचालक शिक्षा श्री उमेश धुर्वे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अतुल चौधरी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री आनन्द राय सिन्हा, डीपीसी श्री अमरनाथ सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




