अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, संवेदना और कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से 01 अक्टूबर 2026 को श्रीहरि वृद्धाश्रम परिसर, विदिशा में दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा किया जा रहा है।

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की उप संचालक एवं डिप्टी कलेक्टर सुश्री आयुषी गुप्ता ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव, योगदान एवं जीवन मूल्यों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसी भावना के साथ श्रीहरि वृद्धाश्रम परिसर में वरिष्ठजनों के सम्मान के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों का शाल एवं श्रीफल से आत्मीय सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही वरिष्ठजनों के मनोरंजन एवं उत्साहवर्धन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में विशेष रूप से 100 वर्ष से अधिक आयु पूर्ण कर चुके वृद्धजनों को ‘ शतायु सम्मान ’ प्रदान कर उनके दीर्घ जीवन एवं अनुभवों के प्रति सम्मान व्यक्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता एवं उनके अनुभवों से सीख लेने की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा।

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का यह आयोजन वरिष्ठ नागरिकों को यह अनुभूति कराने का अवसर भी होगा कि समाज उनके योगदान और जीवन अनुभवों को सम्मान की दृष्टि से देखता है। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाजसेवी एवं अन्य नागरिक वरिष्ठजनों के साथ आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन करेंगे।